ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर गूलर के पास मंगलवार तड़के हुए भीषण बस हादसे से हड़कंप मच गया। यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर करीब 80 फीट गहरी खाई में गूलर गाड़ नदी में जा गिरी। हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 यात्री घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, आपदा राहत दल और आईटीबीपी की टीम ने मौके पर पहुंचकर संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया।
थाना मुनिकीरेती पुलिस के अनुसार विश्वनाथ सेवा की बस मंगलवार तड़के करीब 3:15 बजे हरिद्वार से 34 यात्रियों को लेकर जोशीमठ के लिए रवाना हुई थी। बस को राजेंद्र सिंह निवासी क्यूरी पोखरी, रुद्रप्रयाग चला रहे थे। सुबह करीब 4:50 बजे गूलर पुल के पास बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही थाना मुनिकीरेती और नरेंद्रनगर पुलिस के साथ आपदा राहत दल, फायर सर्विस नरेंद्रनगर तथा एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। शिवपुरी स्थित आईटीबीपी कैंप से भी जवानों ने पहुंचकर बचाव अभियान में सहयोग किया। दुर्घटना में घायल 25 यात्रियों को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



