सरकारी आवास के बाथरूम में मिला जेई का शव, करंट से मौत की आशंका

ख़बर शेयर करें

सरकारी आवास के बाथरूम में मिला जेई का शव, करंट से मौत की आशंका
पत्नी के फोन नहीं उठाने पर पड़ोसियों को दी सूचना, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
कालागढ़/बिजनौर। उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग में तैनात एक अवर अभियंता (जेई) का शव सरकारी आवास के बाथरूम में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के दाहिने हाथ की अंगुली पर जलने का निशान मिलने से करंट की चपेट में आने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 45 वर्षीय अनिल कुमार यूपी सिंचाई विभाग के शिविर प्रबंध खंड कालागढ़ में जेई के पद पर तैनात थे। उनका परिवार उत्तराखंड के जसपुर में रहता है, जबकि कालागढ़ की नई कॉलोनी स्थित विभागीय आवास पर भी उनका आना-जाना रहता था। शनिवार को वह अपने सरकारी आवास पर थे।
रविवार सुबह पत्नी ने फोन कर उनसे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। इस पर उन्होंने पड़ोसियों को सूचना दी। पड़ोसियों ने आवास पर पहुंचकर देखा तो अनिल कुमार बाथरूम में मृत अवस्था में पड़े मिले। उनके दाहिने हाथ की अंगुली जली हुई और काली पड़ी थी।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक तौर पर करंट लगने से मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। मृतक की पत्नी और बेटी जसपुर में, जबकि बेटा दिल्ली में रहता है।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page