बिना अनुमति सड़क निर्माण पर कार्रवाई, जेसीबी सीज

ख़बर शेयर करें

धारी में बिना अनुमति सड़क निर्माण पर कार्रवाई, जेसीबी सीज
धारी। तहसील क्षेत्र के ग्राम कौल में एक बार फिर अवैध रूप से सड़क निर्माण और पेड़ों के कटान का मामला सामने आया है। करीब दो माह पूर्व भी इसी स्थान पर इस तरह की गतिविधियां उजागर हुई थीं, जिस पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया था।
शनिवार को स्थानीय बिल्डरों द्वारा बिना अनुमति के दोबारा सड़क निर्माण के लिए जेसीबी मशीन लगाकर कार्य शुरू कर दिया गया। इसकी सूचना ग्रामीणों ने तुरंत प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही राजस्व उप निरीक्षक निधि चौधरी और राजस्व निरीक्षक प्रवीन ह्याकी मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रुकवा दिया।
प्रशासन ने मौके पर कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन को सीज कर दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क निर्माण से गांव को कोई लाभ नहीं है, बल्कि बड़े पैमाने पर जंगल को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ बिल्डर बिना अनुमति के प्रशासनिक नियमों को ताक पर रखकर कार्य कर रहे हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page