30 सितंबर से पहले राशन उठाना अनिवार्य, छह माह से राशन नहीं लेने वाले कार्ड होंगे चिन्हित
भीमताल। सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सरकार जनता के द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को भीमताल विकासखंड सभागार में बहुद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ मौके पर समस्याओं का निस्तारण किया। शिविर में विभिन्न विभागों के माध्यम से कुल 134 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की ओर से क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि वर्तमान में अक्टूबर माह तक का राशन उचित दर विक्रेताओं की दुकानों से बायोमैट्रिक ऑथेंटिकेशन के आधार पर उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने सभी राशन कार्ड धारकों से 30 सितंबर से पहले राशन का उठान करने की अपील की। उन्होंने बताया कि इसके बाद अक्टूबर माह का राशन दिया जाना संभव नहीं होगा।
उन्होंने बताया कि शासन के निर्देश पर ऐसे राशन कार्ड भी चिन्हित किए जा रहे हैं, जिन पर पिछले छह माह से राशन का उठान नहीं किया गया है। ऐसे कार्डों को चिन्हित कर नियमानुसार निरस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की जा रही है। इसलिए सभी कार्ड धारक अपने राशन कार्ड पर नियमित रूप से राशन प्राप्त करें।
शिविर में राशन कार्ड धारकों को ई-केवाईसी और ऑनलाइन संशोधन की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि राशन कार्ड में दर्ज सदस्यों की ई-केवाईसी संबंधित राशन की दुकान के अलावा ‘मेरा ई-केवाईसी’ एप के माध्यम से घर बैठे भी की जा सकती है। राशन कार्ड में किसी प्रकार का संशोधन करने के लिए विभागीय वेबसाइट के सिटीजन लॉगिन के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।
अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत प्राथमिक परिवार और अंत्योदय अन्न योजना के लाभार्थियों को वर्तमान में निशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। शिविर में खाद्य विभाग की ओर से मौके पर राशन कार्डों में ऑनलाइन संशोधन कर 18 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया।
शिविर में समाज कल्याण, ग्राम्य विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, पशुपालन, उद्यान, कृषि, स्वास्थ्य, महिला कल्याण और बाल विकास समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान दर्जा राज्यमंत्री भावना मेहरा, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, खंड विकास अधिकारी भीमताल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

