गौला क्षेत्र में वन विभाग की सघन चेकिंग, अवैध खनन में ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज
हल्द्वानी/तराई, 09 मार्च 2026।
तराई पूर्वी वन प्रभाग के अंतर्गत वन विभाग द्वारा अवैध खनन और अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। प्रभागीय वनाधिकारी तराई पूर्वी वन प्रभाग के निर्देशन में सोमवार को उपप्रभागीय वनाधिकारी (गौला) ने गौला रेंज के देवरामपुर खनन गेट क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में संचालित खनन गतिविधियों और खनिज परिवहन करने वाले वाहनों की गहन जांच की गई। अभियान के दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को संदिग्ध अवस्था में उपखनिज का परिवहन करते हुए पकड़ा गया। जांच में वाहन के पास वैध प्रपत्र उपलब्ध नहीं पाए गए।
इसके बाद ट्रैक्टर पंजीकरण संख्या UK04AR 6122 को वन विभाग की अभिरक्षा में लेकर डौली रेंज परिसर में सुरक्षित खड़ा कर दिया गया। वाहन में अवैध रूप से उपखनिज का परिवहन पाए जाने पर उसे सीज करते हुए भारतीय वन अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत अभियोग दर्ज कर लिया गया है।
उपप्रभागीय वनाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि प्रभागीय वनाधिकारी तराई पूर्वी वन प्रभाग हल्द्वानी के निर्देशों के क्रम में समय-समय पर औचक निरीक्षण और सघन चेकिंग अभियान जारी रखे जाएं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध खनन या अवैध खनिज परिवहन किसी भी स्थिति में नहीं होने दिया जाएगा।
वन विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन और अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान उपप्रभागीय वनाधिकारी (गौला) ए.के. जोशी, वन क्षेत्राधिकारी एसओजी नवीन सिंह रैकवाल, वन दरोगा दिनेश चंद्र पंत, प्रकाश चंद्र तिवारी, वाहन चालक चंदन बेदी सहित अन्य वनकर्मी मौजूद रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

