कैंची धाम तहसील क्षेत्र में चिन्हित 20 अतिक्रमण 15 दिन के भीतर हटाने के निर्देश

ख़बर शेयर करें

गरमपानी- श्री कैंची धाम तहसील क्षेत्र में चिन्हित 20 अतिक्रमणों को हटाने के आदेश जारी होने के दो वर्ष बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर एसडीएम अनुराग आर्य ने इसे गंभीर लापरवाही माना है। मामले का संज्ञान लेते हुए उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को 15 दिन के भीतर सभी चिन्हित अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए हैं। जानकारी के अनुसार कैंची धाम तहसील क्षेत्र के अंतर्गत कैंची, खैरना, गरमपानी और बेतालघाट क्षेत्रों में करीब 20 अतिक्रमण चिन्हित किए गए थे। इन अतिक्रमणों को ध्वस्त करने के आदेश दो वर्ष पूर्व ही जारी कर दिए गए थे, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हो सकी थी। एसडीएम अनुराग आर्य ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि तय समय सीमा के भीतर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी की जाए। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि आदेशों की अवहेलना करने अथवा लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं स्थानीय लोगों ने लंबे समय से लंबित कार्रवाई को लेकर प्रशासन के इस कदम का स्वागत किया है।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page