भीमताल में 16 जुलाई से हरेला मेला, 10 तक तैयारी के निर्देश

ख़बर शेयर करें

16 जुलाई से भीमताल में सजेगा भव्य हरेला मेला, तैयारियां 10 जुलाई तक पूरी करने के निर्देश
भीमताल। उत्तराखंड की लोक संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और पारंपरिक विरासत के प्रतीक हरेला मेले का आयोजन इस वर्ष 16 जुलाई से भीमताल में भव्य रूप से किया जाएगा। मेले की तैयारियों को लेकर गुरुवार को विकास भवन सभागार में कैबिनेट मंत्री रामसिंह कैड़ा की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों को समयबद्ध तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मेले के सफल आयोजन के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों, विभागीय प्रदर्शनी, महिला स्वयं सहायता समूहों, खादी ग्रामोद्योग, स्थानीय हस्तशिल्प, जैविक उत्पादों और उद्यान विभाग के स्टॉल लगाने की योजना पर चर्चा की गई। इन स्टॉलों को मेले का प्रमुख आकर्षण बताया गया।
कैबिनेट मंत्री ने मेले के दौरान सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। पुलिस और प्रशासन को सीसीटीवी निगरानी, महिला सुरक्षा, सुगम यातायात व्यवस्था तथा पर्याप्त पार्किंग स्थल चिन्हित करने के लिए कहा गया।
बैठक में स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं और पौधारोपण अभियान की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने कहा कि हरेला मेला केवल मनोरंजन का आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता का उत्सव है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ 10 जुलाई तक सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में सीमा टमटा, अरविंद कुमार पाण्डे, नवाजिश खालिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, व्यापार मंडल, होटल एसोसिएशन और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page