होम डिलीवरी से गैस वितरण के निर्देश, कालाबाजारी पर होगी सख्त कार्रवाई
नैनीताल। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुरेन्द्र सिंह बिष्ट ने नैनीताल के विभिन्न क्षेत्रों में निर्धारित रोस्टर के अनुसार होम डिलीवरी के माध्यम से गैस सिलेंडर वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पर्वत गैस एजेंसी की प्रबंधक अंकिता पांडे को उपभोक्ताओं तक समय पर गैस सिलेंडर पहुंचाने के आदेश दिए।
उन्होंने कहा कि जिस क्षेत्र में रोस्टर के अनुसार गैस वितरण होना है, वहां DAC नंबर के अनुसार निर्धारित संख्या से लगभग 10 अतिरिक्त सिलेंडर वाहन में भेजे जाएं, ताकि कोई भी उपभोक्ता गैस सिलेंडर लेने से वंचित न रहे।
क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे किसी भी स्थान पर गैस सिलेंडर के लिए लाइन लगाकर खड़े न हों। उन्होंने बताया कि संज्ञान में आया है कि कुछ अराजक तत्व धर्मशाला क्षेत्र में वितरण से एक दिन पहले नेपाली मजदूरों को लाइन में खड़ा करवा देते हैं। यदि भविष्य में ऐसी शिकायत दोबारा मिली तो संबंधित गैस सिलेंडरों को अवैध मानते हुए जब्त किया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी उपभोक्ता निर्धारित मूल्य से अधिक राशि किसी कर्मचारी को न दें। यदि किसी कर्मचारी द्वारा अतिरिक्त पैसा वसूला गया या गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी की शिकायत मिली तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही एआरओ ने पर्वत गैस एजेंसी प्रबंधन को ठेकेदार के माध्यम से क्षेत्र में केवल होम डिलीवरी से गैस वितरण कराने के निर्देश दिए हैं। ठेकेदार द्वारा बरती जा रही अनियमितताओं पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश भी दिए गए हैं।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

