रामगढ में बहुद्देशीय शिविर में ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी

ख़बर शेयर करें

भवाली। जन जन की सरकार, जनता के द्वार कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को रामगढ़ विकासखंड की न्याय पंचायत बोहराकोट की विभिन्न ग्राम पंचायतों के लाभार्थियों एवं क्षेत्रीय जनता को लाभान्वित करने के उद्देश्य से बहुद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और मौके पर अपनी समस्याओं का समाधान कराया।
शिविर में समाज कल्याण, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, लोक निर्माण, स्वास्थ्य, महिला कल्याण, बाल विकास समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्टॉल लगाकर विभागीय योजनाओं की जानकारी दी।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की ओर से क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में राशन कार्डों के सत्यापन के लिए टीमें गठित की गई हैं। टीमें घर-घर जाकर राशन कार्डों का सत्यापन कर रही हैं। इसका उद्देश्य अपात्र हो चुके लोगों के राशन कार्ड निरस्त कर उनके स्थान पर पात्र लोगों को योजना का लाभ दिलाना है।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक राशन कार्ड में दर्ज सभी सदस्यों की ई-केवाईसी कराना अनिवार्य है। राशन कार्ड धारक संबंधित राशन की दुकान पर जाकर अथवा घर बैठे ‘मेरा ई-केवाईसी’ एप के माध्यम से ई-केवाईसी करा सकते हैं। राशन कार्ड में किसी प्रकार का संशोधन करने के लिए विभागीय वेबसाइट के सिटीजन लॉगिन के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत प्राथमिक परिवार एवं अंत्योदय अन्न योजना के लाभार्थियों को वर्तमान में निशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। शिविर में खाद्य विभाग द्वारा एक नया राशन कार्ड बनाया गया, पांच राशन कार्डों से पांच सदस्यों के नाम निरस्त किए गए। वहीं एक राशन कार्ड में मुखिया की मृत्यु होने के बाद उनकी बहू के नाम पर राशन कार्ड बनाया गया। इसके अलावा दो राज्य खाद्य योजना के राशन कार्डों को आवश्यक दस्तावेजों के आधार पर राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना में परिवर्तित कर लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया।
शिविर में अधिकारियों ने ग्रामीणों की विभागीय समस्याओं का मौके पर निस्तारण करने के साथ ही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख रामगढ़ दीपक कुमार, खंड विकास अधिकारी शुभम अग्रवाल, विधायक प्रतिनिधि एवं पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य कमलेश बिष्ट सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page