गोविंद बल्लभ पंत इंटर कॉलेज में धूमधाम से मनाया स्वतंत्रता दिवस

ख़बर शेयर करें

भवाली। गोविंद बल्लभ पंत इंटर कॉलेज भवाली में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। सुबह नगर पालिका मैदान से विद्यालय के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने प्रभात फेरी निकाली, जो नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए भवाली चौराहे पर पहुंची। यहां भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की गई।
इसके बाद विद्यालय प्रबंध समिति की प्रबंधक हिमानी पांडे ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं नगर के नागरिक मौजूद रहे। इस दौरान भूतपूर्व सैनिक महेश चंद्र जोशी भी उपस्थित रहे।
पूर्व सैनिक महेश चंद्र जोशी, जो वर्तमान में भवाली में होम्योपैथिक की दुकान संचालित करते हैं, ने अपने पिता एवं चाचा कवि दत्त तथा लक्ष्मी दत्त जोशी की स्मृति में विद्यालय के मध्यान्ह भोजन भवन का जीर्णोद्धार कराया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भवन का उद्घाटन महेश चंद्र जोशी ने किया। विद्यालय परिवार ने उनके इस योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम, भाषण और कविता पाठ प्रस्तुत किए। कक्षा 11 की छात्रा मीनाक्षी आर्य द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति पर आधारित एकल नृत्य कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा।
इस अवसर पर प्रबंधक हिमानी पांडे ने विद्यार्थियों को जीवन में उत्कृष्ट कार्य करने और समाज व देश के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यालय के मध्यान्ह भोजन भवन के जीर्णोद्धार के लिए महेश चंद्र जोशी की सराहना करते हुए उनका धन्यवाद किया। प्रधानाचार्य सीमा बरगली ने भी अपने विचार रखे तथा उत्तराखंड माध्यमिक विद्यालय के सचिव के संदेश का पाठ किया। कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं को मिष्ठान वितरित किया गया।

Join WhatsApp Group
यह भी पढ़ें 👉  ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी भीमताल में देशभक्ति के उल्लास के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
Ad Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page