डीएसएस पाल पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाया स्वतंत्रता दिवस
भवाली। डीएसएस पाल पब्लिक स्कूल, श्यामखेत भवाली में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ अधिवक्ता हरिशंकर कंसल ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर विचार रखते हुए विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनने और शिक्षा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
विशिष्ट अतिथि एवं सरोजिनी नायडू पुरस्कार से सम्मानित खष्टी बिष्ट ने स्वतंत्रता के महत्व और इसके लिए किए गए संघर्ष पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्तमान पीढ़ी को स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान को समझते हुए देश और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने बदलते सामाजिक मूल्यों और वर्तमान समाज की सोच पर भी अपने विचार रखे।
विद्यालय के बच्चों ने देशभक्ति गीत, नृत्य और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस की भावना को जीवंत कर दिया। अतिथियों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता मिस्टर तिवारी, पालिका अध्यक्ष पंकज आर्या, पूर्व पालिका अध्यक्ष दयाल आर्य, सामाजिक कार्यकर्ता जोशी, सभासद संजय जोशी, म्यूजिकल टीम भवाली के आलोक चौधरी एवं उनकी टीम, अभिभावक और विद्यालय परिवार के सदस्य मौजूद रहे। अंत में पूर्व सांसद एवं हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता महेंद्र सिंह पाल ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों को देश की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

