भीमताल में नैनीताल के आठों ब्लॉक प्रमुखों की अहम बैठक, विकास व पंचायत सशक्तिकरण पर जोर

ख़बर शेयर करें

भीमताल में नैनीताल के आठों ब्लॉक प्रमुखों की अहम बैठक, विकास व पंचायत सशक्तिकरण पर जोर
भीमताल। जनपद नैनीताल के भीमताल विकासखंड में बुधवार को जिले के आठों ब्लॉक प्रमुखों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में ब्लॉक प्रमुख संगठन की एकता को मजबूत करने, जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने तथा विकास योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक का मुख्य उद्देश्य विकास कार्यों में पारदर्शिता, आपसी समन्वय और प्रभावशीलता बढ़ाना तथा पंचायतों को और अधिक सशक्त बनाना रहा। इस दौरान क्षेत्र पंचायत समिति (BDC) की बैठकों में जिलाधिकारी सहित संबंधित विभागीय अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित कराने के विषय पर सभी प्रमुखों ने गंभीरता से विचार-विमर्श किया। प्रमुखों का कहना था कि उच्च अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी से विकास योजनाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा और स्थानीय समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो सकेगा।
बैठक में सभी ब्लॉक प्रमुखों ने एक स्वर में कहा कि ब्लॉकों में होने वाले अनावश्यक हस्तक्षेप को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही ऐसे मामलों के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष करने का भी निर्णय लिया गया।
इसके अलावा ब्लॉक प्रमुख संगठन की कार्यकारिणी के गठन को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। सर्वसम्मति से तय किया गया कि आगामी बैठक में कार्यकारिणी का विधिवत गठन किया जाएगा, जिससे संगठन को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाया जा सके।
बैठक में उपस्थित सभी प्रमुखों ने जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, आपसी समन्वय बनाए रखने और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की बैठकों का नियमित आयोजन कर विकास कार्यों की सतत समीक्षा और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर भी सहमति बनी।
इससे पूर्व भीमताल पहुंचने पर ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने सभी जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया। बैठक में ब्लॉक प्रमुख हल्द्वानी मंजू गौड़, ओखलकांडा के डी. रूवाली, रामनगर मंजू नेगी, कोटाबाग मनीषा जंतवाल, धारी भावना आर्य, बेतालघाट अंकित साह, रामगढ़ दीपक कुमार, ज्येष्ठ प्रमुख संजय नेगी एवं उमेश पलड़िया सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page