मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने सोमवार को सचिवालय में बताया कि जंगलों में बार-बार आग लगाने वालों पर गैंगस्टर ऐक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही ऐसे लोगों से आग की वजह से हुए नुकसान की भरपाई भी कराई जाएगी। मुख्य सचिव ने बताया कि आग बुझाने के लिए अल्मोड़ा और पौड़ी जिले में एनडीआरएफ को उतार दिया गया है।
सचिवालय में वनाग्नि की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए बुलाई गई अधिकारियों की बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए मुख्य सचिव रतूड़ी ने बताया कि राज्य में जंगलों की आग को नियंत्रित करने के लिए एक्शन प्लान तैयार कर लिया गया है। सभी विभागों के सहयोग से आग पर एक सप्ताह के भीतर काबू पा लिया जाएगा। आग लगाने वालों के खिलाफ राज्य में सख्त कार्रवाई का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ पहले फॉरेस्ट प्रोटेक्शन ऐक्ट, फिर वाइल्ड लाइव ऐक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। यदि कोई बार-बार आग लगाते पकड़ा जाता है तो उनके खिलाफ गैंगस्टर ऐक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में वनाधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

