तीन माह से वेतन नहीं मिलने पर कुमाऊं आयुक्त सख्त, कर्मचारियों का बकाया भुगतान कराने के निर्देश

ख़बर शेयर करें

तीन माह से वेतन नहीं मिलने पर कुमाऊं आयुक्त सख्त, कर्मचारियों का बकाया भुगतान कराने के निर्देश
हल्द्वानी, 13 जुलाई। आयुष्मान आरोग्य मंदिर, हल्द्वानी में कार्यरत वाइटल रेडियोलॉजी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारियों को पिछले तीन माह से वेतन नहीं मिलने के मामले में कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने तत्काल संज्ञान लिया है। उन्होंने नगर आयुक्त हल्द्वानी को मामले में शीघ्र कार्रवाई करते हुए सभी कर्मचारियों का लंबित वेतन जल्द दिलाने और बंद पड़े केंद्र को खुलवाने के निर्देश दिए हैं।
कर्मचारियों ने कुमाऊं आयुक्त को सौंपे शिकायती पत्र में बताया कि वे आयुष्मान आरोग्य मंदिर में पूरी निष्ठा से सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन कंपनी प्रबंधन ने अप्रैल, मई और जून 2026 का वेतन अब तक जारी नहीं किया है। वेतन न मिलने से कर्मचारियों और उनके परिवारों के सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। बच्चों की पढ़ाई, दैनिक खर्च और इलाज जैसी आवश्यक जरूरतों को पूरा करना भी मुश्किल हो रहा है। साथ ही कुसुमखेड़ा स्थित सेंटर को भी बंद कर दिया गया है।
कर्मचारियों का आरोप है कि वेतन की मांग करने पर उनका मानसिक उत्पीड़न किया जाता है तथा नौकरी से निकालने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दी जाती हैं। उनका कहना है कि इस संबंध में कंपनी प्रबंधन को कई बार मौखिक और लिखित रूप से अवगत कराया गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
शिकायत के अनुसार प्रभावित कर्मचारियों में 10 चिकित्सक, 10 फार्मासिस्ट, 10 स्टाफ नर्स, 10 एमपीडब्ल्यू तथा 10 सफाई कर्मचारी शामिल हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने नगर आयुक्त हल्द्वानी को निर्देश दिए हैं कि सभी प्रभावित कर्मचारियों का लंबित वेतन शीघ्र दिलाया जाए तथा कुसुमखेड़ा स्थित बंद सेंटर को दोबारा संचालित कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page