कैंची गांव की मुखिया हूं, फिर भी अनदेखी क्यो, प्रशासन पर बरसीं ग्राम प्रधान सीमा

ख़बर शेयर करें
  • कैंची धाम यातायात व्यवस्था को लेकर प्रस्तवित बैठक से ग्राम प्रधान को रखा दूर, प्रधान सीमा ने जताया आक्रोश

भवाली। कैंची धाम में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ और यातायात व्यवस्था को लेकर मंगलवार को प्रस्तावित बैठक में ग्राम प्रधान को नहीं बुलाए जाने पर कैंची धाम ग्राम प्रधान सीमा आर्या ने प्रशासन के खिलाफ कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कैंची धाम से जुड़ी महत्वपूर्ण बैठकों में लगातार ग्राम पंचायत की अनदेखी की जा रही है, जबकि यातायात व्यवस्था का सीधा असर गांव के लोगों पर पड़ता है।
ग्राम प्रधान सीमा आर्या ने कहा कि ग्राम प्रधान गांव का मुखिया होता है और गांव की समस्याओं एवं व्यवस्थाओं की जमीनी जानकारी ग्राम प्रधान से बेहतर किसी को नहीं हो सकती। इसके बावजूद मन्दिर समिति या जिला प्रशासन कैंची धाम की यातायात व्यवस्था को लेकर होने वाली बैठकों में उन्हें लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मंगलवार की बैठक में यातायात व्यवस्था से जुड़े विभिन्न एसोसिएशनों और संगठनों को बुलाया गया है, लेकिन कैंची धाम ग्राम प्रधान को बैठक से बाहर रखना समझ से परे है। उन्होंने इसे ग्राम पंचायत और स्थानीय ग्रामीणों का अपमान बताया।
कहा कि कैंची धाम में यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन लगातार योजनाएं बनाता है, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों की वास्तविक परेशानियों को बैठकों में रखने का मौका ही नहीं दिया जाता। उन्होंने कहा कि बिना ग्राम पंचायत की भागीदारी के बनाए जाने वाले यातायात प्लान में स्थानीय जरूरतों और ग्रामीणों की समस्याएं कैसे शामिल होंगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह पहली बार नहीं है। पूर्व में भी कई बैठकों में ग्राम पंचायत की अनदेखी की गई है। उन्होंने प्रशासन से सवाल किया कि जब यातायात व्यवस्था का असर सबसे अधिक कैंची धाम गांव के लोगों पर पड़ता है तो निर्णय लेने वाली बैठकों में ग्राम प्रधान को क्यों नहीं शामिल किया जाता।ग्राम प्रधान ने प्रशासन से भविष्य में कैंची धाम से संबंधित प्रत्येक बैठक में ग्राम पंचायत को शामिल करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों को दरकिनार कर व्यवस्था चलाना उचित नहीं है। अगर कैंची मन्दिर समिति और जिला प्रशासन इसी तरह ग्राम पंचायत की अनदेखी करता रहा तो ग्रामीणों के साथ मिलकर इसका विरोध व धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

Join WhatsApp Group
यह भी पढ़ें 👉  होटल-होमस्टे पंजीकरण की नई नियमावली से छोटे कारोबारियों पर न पड़े अतिरिक्त बोझपंजीकरण और नवीनीकरण की प्रक्रिया सरल व पारदर्शी बनाने की उठाई मांग
Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page