भूमियाधार, हनुमानगढ़ी और काकड़ीघाट भी बनेंगे कहानी का हिस्सा, निर्माता अनुप्रिया नागर ने दिए संकेत
भवाली। बाबा नीब करौरी महाराज की तपोभूमि कैंची धाम की आध्यात्मिक खुशबू अब बड़े पर्दे पर और व्यापक रूप में नजर आ सकती है। हनुमान अंश के दूसरे पार्ट में कैंची धाम के साथ ही भूमियाधार, हनुमानगढ़ी और काकड़ीघाट जैसे बाबा से जुड़े पवित्र स्थलों की झलक देखने को मिलेगी। फिल्म की निर्माता अनुप्रिया नागर ने शुक्रवार को भवाली रामगढ़ रोड स्थित क्लार्क होटल में हुई खास बातचीत में इसके संकेत दिए। शुक्रवार को अनुप्रिया नागर क्लार्क होटल में ठहरीं। होटल पहुंचने पर स्टाफ ने उनका आत्मीय स्वागत किया और बधाईयां देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान होटल के जनरल मैनेजर शिवम शर्मा से हुई बातचीत में उन्होंने हनुमान अंश पार्ट-2 को लेकर अपनी आगामी योजना साझा की। जनरल मैनेजर शिवम शर्मा ने बताया कि निर्माता अनुप्रिया नागर ने जल्द ही हनुमान अंश का दूसरा पार्ट बनाने की बात कही है। उन्होंने बताया कि इस बार कहानी में बाबा नीब करौरी महाराज से जुड़े उत्तराखंड के पवित्र स्थलों और उनसे जुड़ी आध्यात्मिक कथाओं को प्रमुखता से दर्शाने की योजना है। कैंची धाम, हनुमानगढ़ी, काकड़ीघाट और भूमियाधार जैसे स्थान फिल्म की कहानी को आध्यात्मिक रंग देंगे।
अनुप्रिया नागर ने यह भी बताया कि वह अभी भूमियाधार सहित बाबा से जुड़े अन्य मंदिरों में दर्शन के लिए जाएंगी। उनके इन स्थलों के दर्शन को लेकर स्थानीय लोगों और बाबा के भक्तों में भी उत्सुकता बनी हुई है।
पर्दे पर दिखेगी बाबा की धरती की कहानी
बाबा नीब करौरी महाराज से जुड़े इन स्थानों की अपनी अलग आध्यात्मिक पहचान है। कैंची धाम जहां देश-दुनिया से श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है, वहीं भूमियाधार, हनुमानगढ़ी और काकड़ीघाट भी बाबा की स्मृतियों और आध्यात्मिक प्रसंगों से जुड़े माने जाते हैं।
ऐसे में यदि हनुमान अंश पार्ट-2 में इन स्थानों और उनसे जुड़ी कथाओं को स्थान मिलता है तो उत्तराखंड की पहाड़ियों, मंदिरों और बाबा की भक्ति की झलक देशभर के दर्शकों तक पहुंच सकती है। भक्तों के लिए यह केवल फिल्म नहीं, बल्कि बाबा की धरती और उनकी भक्ति से रूबरू कराने वाला एक आध्यात्मिक अनुभव भी बन सकता है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

