हल्द्वानी की रेणु धारियाल ने रचा विश्व रिकॉर्ड, 8 फीट 10 इंच लंबे बालों ने दिलाई पहचान
हल्द्वानी। उत्तराखंड की बेटी रेणु धारियाल ने अपने लंबे और घने बालों के दम पर दुनिया में प्रदेश का नाम रोशन किया है। हल्द्वानी निवासी रेणु ने 8 फीट 10 इंच यानी 271.50 सेंटीमीटर लंबे बालों के साथ किसी जीवित महिला के सबसे लंबे बालों का नया विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया है।
रेणु ने यूक्रेन की आलिया नासिरोवा का पुराना रिकॉर्ड तोड़ा है। नासिरोवा के बालों की लंबाई 8 फीट 5.3 इंच यानी 257.33 सेंटीमीटर दर्ज की गई थी। रेणु ने करीब पांच इंच अधिक लंबाई के साथ नया रिकॉर्ड बनाया।
रेणु वर्ष 2015 से अपने बालों की विशेष देखभाल कर रही हैं। खास बात यह है कि वह बालों के लिए बाजार में मिलने वाले रासायनिक तेल और शैंपू का इस्तेमाल नहीं करतीं। वह घर पर तैयार प्राकृतिक चीजों से ही बालों की देखभाल करती हैं। लंबे समय से की जा रही नियमित देखभाल और मेहनत का नतीजा अब विश्व रिकॉर्ड के रूप में सामने आया है।
रेणु की इस उपलब्धि से कुमाऊं समेत पूरे उत्तराखंड में खुशी का माहौल है। सोशल मीडिया पर भी लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं और उनकी मेहनत, लगन और प्राकृतिक तरीके से बालों की देखभाल की सराहना कर रहे हैं। रेणु की उपलब्धि ने यह संदेश भी दिया है कि निरंतर मेहनत और समर्पण से असाधारण उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

