हल्द्वानी गल्ला मंडी हत्याकांड: विधायक राम सिंह कैड़ा ने मोर्चरी पहुंचकर परिजनों से की मुलाकात, निष्पक्ष जांच की मांग
भीमताल/हल्द्वानी। हल्द्वानी गल्ला मंडी में हुए दोहरे हत्याकांड के बाद भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा मोर्चरी पहुंचे और भीमताल विधानसभा के ओखलकांडा ब्लॉक के तल्ली पोखरी निवासी कु. लक्ष्मी पुत्री हेम चंद्र के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। विधायक ने घटना को अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक बताते हुए कहा कि इस प्रकार की निर्मम हत्या से पूरा क्षेत्र स्तब्ध है।
विधायक कैड़ा ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि वह परिजनों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें। उन्होंने कहा कि इस कठिन घड़ी में वह पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं और उन्हें हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।
मौके से ही विधायक ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नैनीताल से दूरभाष पर वार्ता कर मृतकों का पोस्टमार्टम चिकित्सकों के पैनल से कराने और पूरे प्रकरण की शीघ्र एवं निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा न जाए और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने भी मामले की निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई की मांग की है। पुलिस प्रशासन ने जांच तेज करने का आश्वासन दिया है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

