बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ना पड़ा भारी, अधिशासी अभियंता से स्पष्टीकरण तलब

ख़बर शेयर करें

बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ना पड़ा भारी, अधिशासी अभियंता से स्पष्टीकरण तलब
सेवा पुस्तिका में प्रतिकूल प्रविष्टि के लिए शासन को भेजा जाएगा पत्र, डीएम ने जताई नाराजगी
नैनीताल। मानसून सत्र के दौरान बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कोसी निर्माण सिंचाई खंड, रामनगर के अधिशासी अभियंता अजय जॉन के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। डीएम ने अधिकारी से स्पष्टीकरण तलब करने के साथ ही उनकी सेवा पुस्तिका में प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज कराने के लिए शासन को पत्र भेजने के निर्देश दिए हैं।
मानसून सत्र और मुख्यमंत्री के गर्जिया-रामनगर भ्रमण के मद्देनजर जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ने के स्पष्ट निर्देश दिए थे। इसके बावजूद अधिशासी अभियंता अजय जॉन पांच जुलाई को बिना अवकाश स्वीकृत कराए मुख्यालय से अनुपस्थित पाए गए।
मामले में जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए अधिशासी अभियंता से स्पष्टीकरण मांगा था। नोटिस के जवाब में अधिकारी ने बिना अनुमति अनुपस्थित रहने की बात स्वीकार की। उन्होंने बताया कि उनके सगे मौसेरे भाई की पत्नी की तबीयत अत्यधिक खराब होने के कारण उन्हें मुख्यालय से बाहर जाना पड़ा।
डीएम ने इस कृत्य को उत्तराखंड राज्य सरकारी कर्मचारी आचरण नियमावली, 2002 के नियम 3(1) एवं 3(2) का उल्लंघन माना है। उन्होंने कहा कि मानसून सत्र में अधिकारियों की मौजूदगी बेहद महत्वपूर्ण होती है और इस दौरान शासकीय आदेशों की अवहेलना को गंभीरता से लिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी की सेवा पुस्तिका में प्रतिकूल प्रविष्टि अंकित कराने के लिए शासन को सूचित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि मानसून सत्र के दौरान बिना अनुमति मुख्यालय न छोड़ें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page