भवाली। महर्षि विद्या मंदिर तिरछा खेत में बुधवार को गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधि-विधान से गुरु पूजन के साथ हुआ, जिसमें शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने गुरु परंपरा का सम्मान करते हुए आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर ‘महर्षि विश्व शांति आंदोलन’ के अंतर्गत सभी विद्यार्थियों ने सामूहिक ध्यान कर विश्व में सुख, शांति और समृद्धि की मंगल कामना की। वहीं ‘महर्षि आध्यात्मिक जन जागरण अभियान’ के तहत विद्यालय परिसर में हनुमान चालीसा का सस्वर पाठ एवं भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। भक्तिमय वातावरण में विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता निभाई।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि गुरु पूर्णिमा भारतीय संस्कृति में गुरु के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का महत्वपूर्ण पर्व है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आध्यात्मिक, नैतिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों का विकास करने के साथ-साथ सकारात्मक सोच और अनुशासन की भावना को भी मजबूत करते हैं।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

