भवाली। रामगढ़ क्षेत्र के झुतिया गांव में शुक्रवार रात गुलदार के हमले से दो दुधारू गायों की मौत हो गई। घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार रात के समय खेतों के पास घूम रही दो गायों पर गुलदार ने हमला कर उन्हें मार डाला। सुबह जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो गायों के शव पड़े मिले, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल फैल गया।
ग्रामीण देवेन्द्र मेर ने बताया कि क्षेत्र में तीन गुलदार लगातार दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से गुलदार स्कूलों के आसपास भी मंडराते हुए दिखे थे, जिससे बच्चों और ग्रामीणों में डर बना हुआ है। अब गुलदार ने दो दुधारू गायों को निवाला बना लिया है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों की गायें रात में खुले में घूमती हैं, उन पर भी कार्रवाई होनी चाहिए ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। कहा दोनों गायों को जेसीबी से गड्ढा कर दफनाया गया। वहीं वन क्षेत्राधिकारी विजय मेलकानी ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम को क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

