भवाली। रामगढ में जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के तहत शनिवार को नैनीताल जनपद की न्याय पंचायत रामगढ़ के अंतर्गत विकास खंड रामगढ़ में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारियों ने प्रतिभाग कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपस्थित जनता को दी और उनकी समस्याओं का समाधान किया। कार्यक्रम के तहत इससे पूर्व गुरुवार को न्याय पंचायत प्यूरा तथा शुक्रवार को न्याय पंचायत नथुआखान में भी बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। इन शिविरों में क्षेत्रीय विधायक राम सिंह केड़ा ने प्रतिभाग कर कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि जनपद की प्रत्येक न्याय पंचायत में सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर जनता को एक ही स्थान पर सुविधाएं उपलब्ध कराएं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। नथुआखान में आयोजित शिविर में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद पांडे ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में पंजीकृत प्रत्येक शिकायत का यथासंभव मौके पर ही निराकरण किया जाए। वहीं दर्जा राज्य मंत्री शांति मेहरा ने कहा कि सरकार द्वारा इन शिविरों का आयोजन इसलिए किया जा रहा है ताकि जनता की विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं का समाधान एक ही मंच पर हो सके। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की ओर से क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुरेन्द्र सिंह बिष्ट ने शिविर में भाग लेकर विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रामगढ़, भीमताल और बेतालघाट विकास खंडों में पूर्ति निरीक्षकों की तैनाती न होने से अतिरिक्त कार्यभार का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि बहुउद्देशीय शिविरों में सर्वाधिक आवेदन राशन कार्ड से संबंधित प्राप्त हो रहे हैं।
आंकड़ों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि न्याय पंचायत बिचखाली में प्राप्त 35 आवेदनों में से 32 का मौके पर निस्तारण किया गया, प्यूरा में 18 में से 16, नथुआखान में 84 में से 59 तथा शनिवार को रामगढ़ में प्राप्त 62 राशन कार्ड आवेदनों में से 51 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष आवेदनों पर कार्यवाही प्रगति पर है। शिविर समाप्त होने के बाद भी खाद्य विभाग के अधिकारी कार्य में जुटे रहे, जिससे क्षेत्रीय जनता को राहत मिली।
एआरओ सुरेन्द्र सिंह बिष्ट ने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार जनपद में ग्रामीण क्षेत्रों में 65.26 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया गया था। वर्तमान में कैपिंग के चलते नई यूनिट जोड़ने में कठिनाई आ रही है। उन्होंने बताया कि अपात्र श्रेणी में आने वाले राशन कार्ड निरस्त कर पात्र लाभार्थियों को वर्षों से लंबित राशन कार्ड जारी किए गए हैं।
शिविर में न्याय पंचायत रामगढ़ की विभिन्न ग्राम पंचायतों से बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर लाभ उठाया। राशन कार्ड संबंधी समस्याओं का मौके पर समाधान होने पर क्षेत्रीय जनता ने खाद्य विभाग के कार्य की सराहना की।
इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री शांति मेहरा, ब्लॉक प्रमुख रामगढ़ दीपक कुमार, तहसीलदार नैनीताल अक्षय कुमार भट्ट, खंड विकास अधिकारी शुभम अग्रवाल, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुरेन्द्र सिंह बिष्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

