भीमताल, 15 अक्टूबर। ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, भीमताल परिसर में ‘नवरंग–शक्ति उत्सव 2026’ का शुभारंभ श्रद्धा और उत्साह के साथ हुआ। 15 से 19 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले इस पांच दिवसीय उत्सव का आयोजन सेंटर फॉर कुमाऊंनी कल्चर एंड हेरिटेज द्वारा किया जा रहा है। इसका उद्देश्य कुमाऊंनी संस्कृति एवं परंपराओं का संरक्षण करने के साथ भारतीय ज्ञान परंपरा और देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करना है।
भारतीय ज्ञान परंपरा पर आधारित इस उत्सव का शुभारंभ विश्वविद्यालय परिसर में विधि-विधान से कलश स्थापना के साथ हुआ। इस अवसर पर भीमताल परिसर के निदेशक ने पूजा-अर्चना कर ग्राफिक एरा परिवार सहित समाज की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इसके बाद मां दुर्गा की आरती, भजन-कीर्तन और सामूहिक प्रार्थना का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
उत्सव के लिए विद्यार्थियों द्वारा तैयार किया गया पूजा पंडाल कुमाऊंनी संस्कृति और पारंपरिक कलाओं का आकर्षक उदाहरण बना। पंडाल को पारंपरिक पिछौड़ा, ऐपण कला, स्थानीय लोक आकृतियों, हस्तनिर्मित सजावटी वस्तुओं, फूलों और आम के पत्तों के तोरण से सजाया गया। इन पारंपरिक सजावटों के माध्यम से क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान, प्रकृति के प्रति सम्मान और पीढ़ी-दर-पीढ़ी हस्तांतरित होने वाले पारंपरिक ज्ञान को प्रदर्शित किया गया।
उत्सव के दौरान दुर्गा सप्तशती का पाठ भी धार्मिक आयोजनों का प्रमुख हिस्सा रहेगा। इसमें मां दुर्गा की महिमा और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश दिया जाएगा। वहीं, 17 अक्टूबर को विशेष सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु सामूहिक रूप से भाग लेकर भक्ति, आस्था और समर्पण के मूल्यों का अनुभव करेंगे।
पांच दिवसीय उत्सव के दौरान गणेश वंदना, गरबा और शक्ति के नौ रंगों एवं दिव्य स्वरूपों को प्रदर्शित करने वाली आकर्षक नृत्य-नाटिका सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नवमी के अवसर पर कन्या पूजन का आयोजन भी किया जाएगा।
‘नवरंग–शक्ति उत्सव 2026’ के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों और लोक परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। यह उत्सव प्रत्येक व्यक्ति के भीतर निहित शक्ति, आत्मविश्वास, धैर्य और करुणा के महत्व को रेखांकित करते हुए समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की प्रेरणा देता है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



