एनसीसी कर्मचारियों की समस्याओं पर एडीजी से डेढ़ घंटे मंथन, समाधान का मिला भरोसा

ख़बर शेयर करें

देहरादून: एनसीसी कर्मचारियों की समस्याओं पर एडीजी से डेढ़ घंटे मंथन, समाधान का मिला भरोसा
देहरादून। एनसीसी मिनिस्टीरियल अधिकारी एवं कर्मचारी संगठन, उत्तराखंड के प्रांतीय पदाधिकारियों ने 17 जुलाई को एनसीसी निदेशालय में अपर महानिदेशक मेजर जनरल समीर भल्ला से शिष्टाचार भेंट कर कर्मचारियों की विभिन्न सेवा संबंधी समस्याओं और मांगों पर विस्तृत चर्चा की। करीब डेढ़ घंटे तक चली बैठक सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक माहौल में संपन्न हुई।
बैठक में संगठन ने कर्मचारियों की पदोन्नति, वार्षिक स्थानांतरण, दुर्गम एवं सुगम क्षेत्रों में संतुलित तैनाती, कार्यालयों में आवश्यकतानुसार कार्मिकों की उपलब्धता तथा नियमित त्रैमासिक बैठकों के आयोजन सहित कर्मचारियों के हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे प्रमुखता से उठाए।
अपर महानिदेशक मेजर जनरल समीर भल्ला ने संगठन की ओर से रखे गए सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए प्रत्येक विषय पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने आश्वासन दिया कि कर्मचारियों के हितों से जुड़े मामलों में नियमानुसार सकारात्मक एवं प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही संगठन और प्रशासन के बीच लगातार संवाद एवं समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया।
बैठक में ब्रिगेडियर आले, कर्नल राजीव भोला (एड पर्स) सहित एनसीसी निदेशालय के वरिष्ठ अधिकारी और संगठन के प्रांतीय पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में हुई चर्चा और निर्णयों का विस्तृत कार्यवृत्त जल्द जारी किए जाने की जानकारी भी दी गई।
बैठक के बाद संगठन के प्रतिनिधियों ने इसे सकारात्मक बताते हुए कहा कि इस बार सभी मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा हुई, जिससे कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान को लेकर उनका विश्वास और मजबूत हुआ।
संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष नवीन सिंह ढैला ने अपर महानिदेशक मेजर जनरल समीर भल्ला, ब्रिगेडियर आले, कर्नल राजीव भोला एवं एनसीसी निदेशालय के सभी अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन को उम्मीद है कि बैठक में दिए गए आश्वासनों का शीघ्र क्रियान्वयन होगा और कर्मचारियों के हितों का प्रभावी संरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page