आनंद आश्रम वृद्धाश्रम में लगा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर

ख़बर शेयर करें

आनंद आश्रम वृद्धाश्रम में लगा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर
हल्द्वानी। वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य और सम्मान के प्रति संवेदनशील पहल के तहत श्री आनंद आश्रम वृद्धाश्रम में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा परामर्श शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विश्वप्रसिद्ध ब्रैकियल प्लेक्सस सर्जन ब्रिगेडियर डॉ. पी.एस. भंडारी ने वृद्धाश्रम का निरीक्षण कर वहां रह रहे बुजुर्गों से आत्मीय मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली।
शिविर में आश्रम में रह रहे महिला एवं पुरुष वृद्धजनों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। साथ ही रक्त एवं पेशाब की जांच कर चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। जांच के आधार पर जरूरतमंद बुजुर्गों को निःशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं। शिविर का लाभ 23 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों ने उठाया। इनमें कई बुजुर्ग 80 वर्ष से अधिक आयु के भी हैं।
इस दौरान डॉ. पीएस भंडारी ने बाबा नीम करौली वरिष्ठ नागरिक गृह में बुजुर्गों के लिए उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं की सराहना की। उन्होंने संस्था अध्यक्ष कनक चंद की प्रशंसा करते हुए कहा कि संस्था की ओर से डॉक्टर, नर्स, दवाइयों और अस्पताल जैसी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
संस्था अध्यक्ष कनक चंद ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना संस्था की प्राथमिकता है। शिविर में बुजुर्गों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनकर उन्हें आवश्यक उपचार और स्वास्थ्य संबंधी सुझाव भी दिए गए। शिविर ने वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान, संवेदना और अपनत्व का संदेश दिया।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page