पुराने मकान में छिपाकर रखा था 203 टिन अवैध लीसा, वन विभाग ने किया जब्त
भवाली। वन अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नैनीताल वन प्रभाग की टीम ने अवैध लीसा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 203 टिन अवैध लीसा बरामद कर जब्त किया है। वन विभाग की इस कार्रवाई से लीसा तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।
प्रभागीय वनाधिकारी आकाश गंगवार एवं उप प्रभागीय वनाधिकारी ममता चंद के निर्देशन में वन क्षेत्राधिकारी उत्तरी गौला विजय चंद्र भट्ट के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। सोमवार शाम मुखबिर से सूचना मिलने के बाद टीम ने मौना-ल्वैशाल-कालापातल मोटर मार्ग पर दरमोली बैंड से करीब एक किलोमीटर ऊपर पोखरी की ओर सुनसान पड़े एक पुराने मकान में छापा मारा। यहां अवैध रूप से भंडारित किए गए 203 टिन लीसा बरामद हुए।
वन विभाग की टीम ने सभी टिनों को सीज कर अपनी अभिरक्षा में ले लिया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। विभाग के अनुसार लीसा के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए क्षेत्र में लगातार निगरानी की जा रही है।
गौरतलब है कि करीब एक सप्ताह पूर्व रानीबाग फॉरेस्ट चेक पोस्ट पर भी वन विभाग की टीम ने एक ट्रक से अवैध लीसा पकड़ा था। लगातार हो रही कार्रवाई को लीसा तस्करों के खिलाफ विभाग की सख्ती के तौर पर देखा जा रहा है।
वन क्षेत्राधिकारी विजय चंद्र भट्ट ने बताया कि विभाग के गुप्तचर पूरे क्षेत्र में लगातार नजर बनाए हुए हैं। वन अपराधों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
कार्रवाई में वन दरोगा बृजेश विश्वकर्मा, प्रदीप कुमार मौर्य, वन आरक्षी रमेश चंद्र सिंह, सुनील प्रसाद, विपिन बिष्ट, अभय कुमार, अनिल सिंह बोरा, मनोज कैड़ा, वाहन चालक पंकज सिंह रैक्वाल समेत रोहित सिंह, कुंदन प्रसाद, गौरव सिंह बर्गली, नीरज कुमार, नंद किशोर आदि शामिल रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

