जंगल के सुनसान रास्तों पर जाने से बचें, भालू दिखने पर तुरंत वन विभाग को दें सूचना
भवाली। नैनीताल वन प्रभाग के अंतर्गत भवाली रेंज के सातताल स्टूडियो पॉइंट आरक्षित वन क्षेत्र और आसपास के जंगलों में इन दिनों जंगली भालू की चहलकदमी देखी जा रही है। क्षेत्र में भालू की मौजूदगी से स्थानीय निवासियों, ग्रामीणों और पर्यटकों में दहशत का माहौल है। इसे देखते हुए वन विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। भालू की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वन विभाग की टीम ने प्रभावित क्षेत्र के आसपास के जंगलों में ट्रैप कैमरे लगाए हैं। वन क्षेत्राधिकारी विजय मेलकानी के निर्देशन में वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही है। साथ ही, जंगल में काम करने वाले मजदूरों, ग्रामीणों और पर्यटकों को जागरूक करने के लिए मुनादी कराई जा रही है। विभाग ने लोगों से विशेष सतर्कता बरतने और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
सुनसान रास्तों पर जाने से बचें
वन विभाग ने आम जनता और पर्यटकों को सलाह दी है कि वे सातताल क्षेत्र के जंगलों और सुनसान रास्तों की ओर अकेले न जाएं। भालू दिखाई देने पर उसके नजदीक जाने, उसे उकसाने या उसकी ओर पत्थर फेंकने की गलती न करें। ऐसी स्थिति में सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
पर्यटकों की आवाजाही पर चिंता
सातताल क्षेत्र में पर्यटकों की लगातार आवाजाही रहती है। ऐसे में जंगल के आसपास भालू की मौजूदगी को देखते हुए किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है। वन विभाग ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और अनावश्यक रूप से संवेदनशील वन क्षेत्र में जाने से बचें। विभाग की टीम क्षेत्र में निगरानी और गश्त कर रही है, ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



