त्योहार से पहले मिलावटखोरों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की नजर, 20 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण

ख़बर शेयर करें

त्योहार से पहले मिलावटखोरों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की नजर, 20 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण
भवाली/हल्द्वानी। रक्षाबंधन और जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर गुरुवार को हल्द्वानी ग्रामीण, हल्द्वानी, भीमताल-भवाली और रामनगर क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।
हल्द्वानी एवं भीमताल-भवाली क्षेत्र में टीम ने आठ खाद्य विनिर्माण एवं मिठाई विक्रय प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान बेसन लड्डू, कलाकंद, ताजा साल्ट, रायता क्रस्टेड पाउडर और खोया बर्फी के विधिक नमूने लिए गए। वहीं घेवर और गुलाब जामुन के सर्वे नमूने भी संग्रहित किए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजा जाएगा।
विभाग ने भानु प्रताप जायसवाल और ज्ञान प्रकाश जायसवाल के प्रतिष्ठानों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 32 के तहत नोटिस जारी करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इधर रामनगर क्षेत्र में सात खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। यहां आंवला घी का विधिक नमूना तथा चोको चिप्स क्रश और घेवर के सर्वे नमूने लिए गए। हल्द्वानी ग्रामीण क्षेत्र में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नंदकिशोर के नेतृत्व में पांच प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर मिल्क केक का विधिक नमूना तथा बालूशाही और छैना रसगुल्ला के सर्वे नमूने लिए गए।
अभियान में सहायक आयुक्त/अभिहित अधिकारी नैनीताल अजब सिंह रावत, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभय कुमार सिंह समेत विभागीय टीम शामिल रही। अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता में अनियमितता मिलने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page