त्योहारी सीजन से पहले खाद्य विभाग की छापेमारी, तीन नमूने जांच को भेजे

ख़बर शेयर करें

त्योहारी सीजन से पहले खाद्य विभाग की छापेमारी, तीन नमूने जांच को भेजे
रामनगर, 30 सितंबर। त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बुधवार को मालधन चौड़ नंबर-4 और नंबर-2 में सघन निरीक्षण अभियान चलाया। टीम ने मेडिकल स्टोर, किराना और चाय विक्रेताओं समेत आधा दर्जन से अधिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर तीन अलग-अलग विक्रेताओं से मनोहर चाय और मल्टी विटामिन सिरप के तीन नमूने लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। वहीं एफएसएस एक्ट-2006 के प्रावधानों का अनुपालन नहीं करने, लाइसेंस में गलत पता दर्ज होने और मौके पर खाद्य पंजीकरण प्रस्तुत नहीं करने पर चार प्रतिष्ठानों को ऑनलाइन/ऑफलाइन नोटिस जारी किए गए। विभाग ने 15 दिन में अनुपालन नहीं होने पर कोर्ट चालान की कार्रवाई की चेतावनी दी है।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान ने बताया कि आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए विभाग विशेष सतर्कता बरत रहा है। प्रतिष्ठान संचालकों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री बेचने, बिना बिल के खाद्य सामग्री की खरीद नहीं करने, स्टॉक का विवरण रखने और कालातीत खाद्य सामग्री का विक्रय अथवा भंडारण नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा दुकानों की नियमित साफ-सफाई और कीटनाशक का छिड़काव करने को कहा गया है।
उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में मिलावटी खाद्य सामग्री का विक्रय नहीं होने दिया जाएगा। मिलावट की सूचना मिलने पर विभाग को तत्काल जानकारी देने की अपील की गई है।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page