नैनीताल। विजयदशमी पर्व पर मंगलवार को नैनीताल के फ्लैट्स मैदान में भव्य दशहरा महोत्सव का आयोजन किया गया। शाम 5:30 बजे मुख्य मंच पर भजन संध्या के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुरेंद्र सिंह बिष्ट ने भगवान श्रीराम के भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। उनके भजनों पर हजारों दर्शकों ने तालियां बजाकर और जयकारों के साथ उत्साहवर्धन किया।
इसके बाद सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। अतिथियों ने भगवान श्रीराम की आरती कर सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद राम-रावण युद्ध का मंचन किया गया। जैसे ही भगवान श्रीराम ने रावण का वध किया, पूरा फ्लैट्स मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। इसके बाद हुई भव्य आतिशबाजी ने दर्शकों का मन मोह लिया। अंत में रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के विशाल पुतलों का दहन किया गया। इस दौरान मैदान में मौजूद हजारों लोगों ने बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक विजयदशमी पर्व का उल्लास मनाया।
कार्यक्रम में विधायक सरिता आर्या, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल, मंडलायुक्त दीपक रावत, पुलिस महानिरीक्षक निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी, दिव्यांशु मीणा, डीएसए महासचिव मनोज जोशी, तहसीलदार अक्षय भट्ट, श्रीराम सेवक सभा के अध्यक्ष मनोज शाह और महासचिव जगदीश बावड़ी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजन में करीब 20 हजार से अधिक लोगों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन हेमंत बिष्ट और डॉ. ललित तिवाड़ी ने किया।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



