भीमताल के पांच गांवों में गांजे की अवैध खेती और बिक्री की आशंका, एसएसपी से गोपनीय जांच की मांग

ख़बर शेयर करें

भीमताल के पांच गांवों में गांजे की अवैध खेती और बिक्री की आशंका, एसएसपी से गोपनीय जांच की मांग

युवाओं पर पड़ रहे दुष्प्रभाव को लेकर जताई चिंता, शिकायतकर्ता ने पहचान गोपनीय रखने की अपील की

भीमताल। भीमताल क्षेत्र के सलड़ी-घटगाड़ समेत आसपास के पांच गांवों में गांजे की कथित अवैध खेती, बिक्री और वितरण की आशंका को लेकर पुलिस प्रशासन से जांच की मांग की गई है। इस संबंध में एक स्थानीय निवासी ने नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मंजूनाथ टीसी को गोपनीय शिकायत भेजकर मामले की गंभीरता से जांच कराने का अनुरोध किया है।
शिकायत में सलड़ी-घाटीगाड़, खेरोला पांडे, खेरोला पंत, खड़की और चुनौतिया गांवों का उल्लेख किया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, सलाड़ी-घाटीगाड़ क्षेत्र काफी विस्तृत है। ऐसे में क्षेत्र और आसपास के गांवों में गांजे की कथित खेती तथा इससे जुड़ी गतिविधियों को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता है।
शिकायत में यह भी आशंका जताई गई है कि नशीले पदार्थों की उपलब्धता का स्थानीय युवाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। शिकायतकर्ता ने पुलिस प्रशासन से संबंधित क्षेत्रों में गोपनीय तरीके से निरीक्षण और सत्यापन कराने की मांग की है।
एक स्थान तक सीमित न रहे जांच
शिकायतकर्ता ने एसएसपी से अनुरोध किया है कि जांच को केवल एक गांव या स्थान तक सीमित न रखते हुए सभी पांचों गांवों और आसपास के क्षेत्रों में कराया जाए। जांच के दौरान यदि गांजे की अवैध खेती, बिक्री, वितरण अथवा अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
पहचान गोपनीय रखने की अपील
शिकायतकर्ता ने अपनी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखने का विशेष अनुरोध किया है। पत्र में कहा गया है कि यह शिकायत स्थानीय समुदाय के हित और युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए की गई है। शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि पहचान उजागर होने पर उसे व्यक्तिगत या सामाजिक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page