उद्यान योजनाओं की सूचना नहीं मिलने से किसान परेशान, ग्राम प्रधान ने सीडीओ से की शिकायत

ख़बर शेयर करें

भवाली। विकासखंड बेतालघाट की ग्राम पंचायत चोरसा के किसानों को उद्यान विभाग की योजनाओं, अनुदान, बीज, फलदार पौधों एवं अन्य उद्यान सामग्री की समय पर जानकारी नहीं मिलने का मामला सामने आया है। ग्राम प्रधान किशोर सिंह ढैला ने मुख्य विकास अधिकारी को शिकायती पत्र भेजकर मामले की जांच कराने की मांग की है।
ग्राम प्रधान ने आरोप लगाया कि उद्यान विभाग, भवाली की ओर से योजनाओं की जानकारी ग्राम पंचायत के किसानों तक समय से नहीं पहुंचाई जाती। इसके चलते अधिकांश पात्र किसान सरकारी योजनाओं का लाभ लेने से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने कहा कि कुछ किसान अपने व्यक्तिगत प्रयासों से योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर विभागीय कार्यालय पहुंचकर लाभ ले लेते हैं, जबकि अधिकांश किसानों को विभाग की ओर से कोई सूचना या प्रचार-प्रसार नहीं किया जाता। उन्होंने कहा कि इससे पात्र किसानों के बीच असमानता की स्थिति पैदा हो रही है और सरकारी योजनाओं का उद्देश्य भी प्रभावित हो रहा है। ग्राम प्रधान ने सीडीओ से प्रकरण की जांच कर संबंधित अधिकारियों को सभी योजनाओं की सूचना समय से ग्राम पंचायतों तक पहुंचाने के निर्देश देने की मांग की।
साथ ही बीज, फलदार पौधों और अन्य उद्यान सामग्री का वितरण पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से सभी पात्र किसानों के लिए समान रूप से सुनिश्चित करने की मांग की गई है। ग्राम प्रधान ने कहा कि ग्राम पंचायतों के माध्यम से योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार होने से कोई भी पात्र किसान जानकारी के अभाव में सरकारी योजनाओं से वंचित नहीं रहेगा।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page