सैनिक स्कूल घोड़ाखाल में अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड में छात्रों का शानदार प्रदर्शन

ख़बर शेयर करें

भवाली। हिंदी विकास संस्थान द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड प्रतियोगिता का आयोजन 10 सितंबर 2025 को सैनिक स्कूल घोड़ाखाल में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में कक्षा 6 से कक्षा 9 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
प्रतियोगिता में सैनिक स्कूल घोड़ाखाल के कुल 16 छात्रों ने पदक हासिल किए, जिनमें 6 छात्रों ने स्वर्ण पदक, 7 छात्रों ने रजत पदक तथा 3 छात्रों ने कांस्य पदक प्राप्त किया। यह उपलब्धि विद्यालय के शैक्षणिक स्तर और हिंदी भाषा के प्रति छात्रों की गहरी रुचि को दर्शाती है।
इस उपलब्धि को और भी गौरवपूर्ण बनाते हुए कक्षा 9 के छात्र कार्तिक कुशवाहा का चयन “राष्ट्रीय हिंदी प्रतिभा सम्मान” के लिए किया गया। उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान 30 जनवरी 2026 को नई दिल्ली स्थित तीन मूर्ति भवन के प्रधानमंत्री संग्रहालय में आयोजित भव्य समारोह में प्रदान किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या ग्रुप कप्तान मधु सेंगर ने सभी सफल छात्रों को हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं छात्रों में हिंदी भाषा के प्रति रुचि, आत्मविश्वास और बौद्धिक क्षमता को सुदृढ़ करती हैं तथा उन्हें निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती हैं।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page