वर्षभर पर्यटन गतिविधियां हों संचालित, तभी बढ़ेंगे रोजगार के अवसर : अखिलेश सेमवाल
नैनीताल। नैनीताल जनपद में पर्यटन को मौसमी गतिविधि तक सीमित रखने के बजाय वर्षभर योजनाबद्ध तरीके से पर्यटन गतिविधियां और विभिन्न आयोजन संचालित किए जाएं। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे और पलायन पर भी अंकुश लगेगा। यह मांग जिला नैनीताल पर्यटन गतिविधि प्रकोष्ठ के जिला संयोजक अखिलेश सेमवाल ने उत्तराखंड सरकार के पर्यटन सचिव से की है।
अखिलेश सेमवाल ने कहा कि नैनीताल जनपद पर्यटन के क्षेत्र में देशभर में अपनी अलग पहचान रखता है, लेकिन वर्षभर नियमित पर्यटन गतिविधियां संचालित नहीं होने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं बन पाते हैं। इसका सीधा असर बेरोजगारी और पलायन के रूप में सामने आता है। उन्होंने कहा कि रोजगार के अभाव में स्थानीय उद्यमी और कुशल-अकुशल युवा दूसरे शहरों व राज्यों की ओर पलायन कर रहे हैं। बाहर जाने के बाद उनके लिए वापस लौटकर रोजगार से जुड़ना भी मुश्किल हो जाता है।
उन्होंने कहा कि नैनीताल, भीमताल, नौकुचियाताल, मुक्तेश्वर, कोटाबाग, सातताल, पदमपुरी और हरिशताल समेत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पर्यटन की अलग-अलग संभावनाएं मौजूद हैं। भीमताल और नौकुचियाताल में वॉटर स्पोर्ट्स की अपार संभावनाओं को देखते हुए यहां प्रदेश, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा सकती हैं।
इसी तरह मुक्तेश्वर, कोटाबाग, सातताल, पदमपुरी और हरिशताल में ट्रैकिंग, कैंपिंग, नेचर वॉक, एडवेंचर टूरिज्म और इको-टूरिज्म को बढ़ावा दिया जा सकता है। इससे पर्यटकों के ठहराव की अवधि बढ़ेगी और पर्यटन का लाभ ग्रामीण व दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचेगा।
सेमवाल ने पर्यटन विभाग से नैनीताल जनपद के लिए वर्षभर का पर्यटन गतिविधि कैलेंडर तैयार करने की मांग की। इसमें मौसम और क्षेत्र की विशेषताओं के अनुरूप खेल, सांस्कृतिक, साहसिक और पर्यटन गतिविधियों को शामिल किया जाए।
उन्होंने कहा कि एडवेंचर टूरिज्म, वॉटर स्पोर्ट्स, ट्रैकिंग, इको-टूरिज्म, ग्रामीण पर्यटन और स्पोर्ट्स टूरिज्म को बढ़ावा देकर नैनीताल को वर्षभर पर्यटन गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाया जा सकता है। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलने के साथ पलायन पर रोक लगेगी और जनपद की अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

