भीमताल में सीडीओ के निरीक्षण में विकास भवन से अनुपस्थित मिले कर्मी, गेस्ट हाउस में मिली खामियां

ख़बर शेयर करें

सीडीओ का विकास भवन में औचक निरीक्षण, कई कर्मचारी बिना अवकाश मिले अनुपस्थित
भीमताल, 18 जुलाई। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अरविंद कुमार पांडे ने शनिवार को विकास भवन भीमताल स्थित विभिन्न विभागीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई विभागों के कर्मचारी बिना पूर्व स्वीकृत अवकाश के अनुपस्थित मिले, जबकि कुछ कर्मचारियों के उपस्थिति रजिस्टर में हस्ताक्षर भी दर्ज नहीं पाए गए।
निरीक्षण में लघु सिंचाई विभाग के वरिष्ठ वैयक्तिक सहायक उमेश कुमार और वाहन चालक गौतम कुमार, बाल विकास विभाग के वरिष्ठ सहायक कृपाल सिंह राणा, सांख्यिकी सहायक वरुण कुमार एवं वाहन चालक कैलाश बेलवाल, पंचायतीराज विभाग के वरिष्ठ सहायक प्रकाश चंद्र और कनिष्ठ सहायक रश्मि बाला तथा अल्पसंख्यक विभाग में पीआरडी कर्मचारी हेमा आर्य बिना अवकाश स्वीकृत कराए अनुपस्थित पाए गए।
समाज कल्याण विभाग में वरिष्ठ सहायक राहुल कुमार, कनिष्ठ सहायक अनुज कुमार और कंप्यूटर ऑपरेटर मंजू जोशी कार्यालय में मौजूद थे, लेकिन उपस्थिति पंजिका में उनके हस्ताक्षर दर्ज नहीं मिले।
मुख्य उद्यान अधिकारी कार्यालय में वरिष्ठ सहायक राहुल भट्ट, मुख्य सहायक ज्ञानेंद्र पांडे, वाहन चालक धर्मेंद्र सिंह और सहायक विकास अधिकारी निर्मला भंडारी अनुपस्थित पाए गए। वहीं युवा कल्याण विभाग के पीआरडी कर्मचारी नवीन चंद्र, ललित कुमार और प्रशासनिक अधिकारी अश्विनी कुमार भी बिना अवकाश के अनुपस्थित मिले।
सीडीओ ने सभी संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण तलब करते हुए कहा कि प्राप्त जवाब के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
युवा कल्याण गेस्ट हाउस में भी मिली अनियमितताएं
निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने युवा कल्याण विभाग के गेस्ट हाउस का भी औचक निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि गेस्ट हाउस में दो लोगों के ठहरने का रिकॉर्ड तो था, लेकिन विजिटर रजिस्टर में उनका कोई उल्लेख नहीं मिला। इस पर जिला युवा कल्याण अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगते हुए विस्तृत आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
गेस्ट हाउस में कक्ष आवंटन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए सीडीओ ने परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला विकास अधिकारी और जिला युवा कल्याण अधिकारी की समिति गठित करने के निर्देश दिए। समिति के अनुमोदन के बाद ही कक्ष आवंटन की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी।
सीडीओ ने गेस्ट हाउस के रखरखाव, साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि भविष्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page