धारी क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री पर अंकुश लगाने, चौकी इंचार्ज तैनाती की मांग

ख़बर शेयर करें

धारी क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री पर अंकुश की मांग, चौकी इंचार्ज तैनाती का आश्वासन
धारी।
धारी क्षेत्र की ग्राम सभाओं में अवैध रूप से शराब बेचने का धंधा खुलेआम फल-फूल रहा है। शराब माफिया बेखौफ होकर अवैध बिक्री कर अपनी तिजोरियां भर रहे हैं, जिससे समाज में लगातार विवाद, लड़ाई-झगड़े और घरों में कलह बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि इससे कई गांव सामाजिक रूप से बर्बादी की ओर बढ़ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि अवैध शराब कारोबार पर रोक लगाने में पुलिस प्रभावी कार्रवाई नहीं कर पा रही है। धारी पुलिस चौकी वर्तमान में बिना चौकी इंचार्ज के संचालित हो रही है और केवल दो कांस्टेबलों के भरोसे व्यवस्था चल रही है, जिसके कारण आम जनता के कार्य समय पर नहीं हो पा रहे हैं।
इस गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला पंचायत सदस्य रेखा देवी और सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश चंद्र उर्फ नानू ने विधायक राम सिंह केड़ा से धारी पुलिस चौकी में शीघ्र चौकी इंचार्ज की तैनाती की मांग की। इस पर विधायक राम सिंह केड़ा ने आश्वासन दिया कि जल्द ही धारी पुलिस चौकी में चौकी इंचार्ज की नियुक्ति की जाएगी, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ होगी और लोगों को राहत मिलेगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए क्षेत्र को नशामुक्त बनाने की अपील की है।

Join WhatsApp Group
Ad Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page