भवाली। नजूल भूमि में बने आवासों में नए जल संयोजन देने की मांग को लेकर भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष पंकज अद्वेती, मण्डल अध्यक्ष हिमांशु बिष्ट, दयाकिशन पोखरिया ने जिलाधिकारी नैनीताल को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में बताया गया कि भवाली नगर की करीब 70 प्रतिशत भूमि नजूल भूमि है, जिसमें वर्षों से मध्यमवर्गीय परिवार निवास कर रहे हैं।
ज्ञापन में कहा गया कि पूर्व में नगर पालिका परिषद भवाली को नए जल संयोजन के लिए अनापत्ति देने के संबंध में निर्देश दिए गए थे। वर्तमान में वर्षों से रह रहे लोगों को नए जल संयोजन के लिए अनापत्ति नहीं दी जा रही है, जिससे उन्हें पेयजल सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने जिलाधिकारी से पूर्व के आदेश में आंशिक संशोधन करते हुए भवाली नगर में नजूल भूमि पर बने पुराने आवासों में नए जल संयोजन के लिए नगर पालिका को अनापत्ति देने की अनुमति प्रदान करने की मांग की। साथ ही भविष्य में नए भवनों के निर्माण पर रोक लगाते हुए नए जल संयोजन नहीं देने की व्यवस्था करने का सुझाव दिया।
ज्ञापन में कहा गया कि पुराने आवासों को जल संयोजन मिलने से आमजन को मूलभूत पेयजल सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। ज्ञापन पर जिला उपाध्यक्ष अनुज मोर्चा सहित अन्य पदाधिकारियों के हस्ताक्षर हैं।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

