भवाली में स्थायी गौशाला निर्माण की मांग

ख़बर शेयर करें

भवाली। नगर क्षेत्र और आसपास सड़कों पर भटक रहे लावारिस गोवंश की समस्या को लेकर गौ रक्षा दल ने नगर पालिका प्रशासन से स्थायी गौशाला निर्माण की मांग की है। गौ रक्षा दल के जिलाध्यक्ष प्रेम कुमार ने नगर पालिका परिषद भवाली के अधिशासी अधिकारी को पत्र भेजकर इस दिशा में जल्द आवश्यक कदम उठाने की मांग की। पत्र में कहा गया है कि भवाली और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में गोवंश सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर भटकने को मजबूर हैं। उचित आश्रय नहीं होने के कारण कई बार गोवंश दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। गहरे गड्ढों, नालों और पहाड़ी ढलानों से गिरने के कारण उनके गंभीर रूप से घायल होने की स्थिति भी सामने आती है। प्रेम कुमार ने बताया कि सड़कों पर गोवंश के बैठने और घूमने से यातायात भी प्रभावित होता है। विशेषकर रात के समय सड़क पर बैठे गोवंश के कारण वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने प्रशासन से गोवंश के लिए सुरक्षित आश्रय, चारा और उपचार की व्यवस्था के लिए भवाली क्षेत्र में स्थायी गौशाला बनाने की मांग की है।उन्होंने कहा कि स्थायी गौशाला बनने से जहां बेजुबान पशुओं को सुरक्षित आश्रय मिल सकेगा, वहीं सड़कों पर गोवंश के कारण होने वाली दुर्घटनाओं और यातायात संबंधी समस्याओं से भी राहत मिलने की उम्मीद है। उन्होंने जनहित और जीव-दया को देखते हुए मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page