भवाली। जीवनवर्षा कला संगम समिति के तत्वावधान में होटल पाम, मेहरागांव में तीज महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मेहरागांव सहित भवाली, भीमताल, नैनीताल और हल्द्वानी क्षेत्र की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। तीज के पारंपरिक रंगों के बीच महिलाओं ने गीत-संगीत, प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को अपनी संस्कृति, प्रकृति, अध्यात्म और आत्मसम्मान से जोड़ते हुए उन्हें सशक्त बनाने का संदेश देना रहा। आयोजन में वक्ताओं ने कहा कि नारी सशक्तिकरण के साथ संस्कृति और संस्कारों का संरक्षण भारतीय समाज की पहचान है। मुख्य अतिथि पूर्व ब्लॉक प्रमुख श्रीमती कमलेश कैड़ा रहीं। महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष श्रीमती कंचन उप्रेती और श्रीमती आशा गौड़ शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। इसके अलावा गीता साह, विनीता पांडे, रानी साह, कविता त्रिपाठी, दीपिका बीनवाल, प्रीमा अधिकारी, रमा पढ़ालनी, ज्योति साह, भूमिका गोयल और सरिता त्रिपाठी नैनवाल सहित कई गणमान्य महिलाएं मौजूद रहीं। भवाली क्षेत्र से सुधा आर्या, रेशमा जावेद, माला कन्वाल, तनु, तन्नू और तनुजा बगड़वाल ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
चेतना भगत बनीं तीज क्वीन
तीज महोत्सव के तहत आयोजित प्रतियोगिता में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में चेतना भगत ने ‘तीज क्वीन 2026’ का खिताब अपने नाम किया। वहीं कल्पना करायत फर्स्ट रनर-अप और किरण मेहरा सेकंड रनर-अप रहीं।उषा रावत, कंचन जोशी, गंगा नेगी, भावना पांडे, ममता देवोलिया, मीनाक्षी भगत, माही मेहरा और आद्या जायसवाल को भी विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में नैनीताल की अंजू जगाती और हल्द्वानी की आभा गोस्वामी शामिल रहीं। दोनों निर्णायकों ने निष्पक्ष एवं गरिमापूर्ण ढंग से प्रतियोगिता का मूल्यांकन किया।
लकी ड्रॉ में कमला नेगी को मिला विशेष पुरस्कार
महोत्सव के दौरान महिलाओं के उत्साह को बढ़ाने के लिए लकी ड्रॉ का भी आयोजन किया गया। इसमें श्रीमती कमला नेगी ने विशेष पुरस्कार जीता। आयोजन में मां पार्वती की संकल्प-सिद्धि, भगवान शिव की भक्ति, बहनों के आपसी स्नेह और भारतीय नारी के सांस्कृतिक गौरव की झलक देखने को मिली।
जीवनवर्षा कला संगम समिति की ओर से आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले मेहरागांव क्षेत्र के निवासियों, अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार जताया गया। समिति ने कहा कि तीज महोत्सव के माध्यम से महिलाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को मंच देने का प्रयास आगे भी जारी रहेगा।
समिति की अध्यक्ष वर्षा आर्य, सचिव डॉ. प्रगति जैन, उप सचिव बीना भगत और सदस्य किरण मेहरा ने सभी को तीज पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “नारी का सशक्तिकरण जब संस्कृति और संस्कारों से जुड़ता है, तभी समाज की जड़ें मजबूत होती हैं और हमारी सांस्कृतिक विरासत आने वाली पीढ़ियों तक गौरव के साथ पहुंचती है।”
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

