गुजरात के तीर्थयात्रियों से भरी बस गंगोत्री नेशनल हाईवे पर उत्तरकाशी में गंगनानी के समीप दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में सात यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 28 यात्री घायल हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, रविवार को बस से गुजरात के तीर्थयात्री गंगोत्री धाम के दर्शन कर लौट रहे थे। शाम करीब चार बजे गंगनानी के समीप बस दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में जा गिरी। खाई में गिरने से बस के परखच्चे उड़ गए। हादसे की सूचना पर एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पुलिस की रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंची और घायलों को निकालकर सड़क तक पहुंचाया। इनमें 108 एंबुलेंस की मदद से कुछ घायलों को पीएचसी भटवाड़ी और कुछ को जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने बताया कि बस में ड्राइवर-कंडक्टर समेत 35 लोग सवार थे। 28 घायलों को रेस्क्यू किया जा चुका है। वहीं, हादसे की सूचना पर डीएम अभिषेक रूहेला व एसपी अर्पण यदुवंशी भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। राज्यपाल ले.ज. (सेनि) गुरमीत सिंह ने हादसे गहरा दुख जताया।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

