नैनीझील में युवक का शव बरामद, रात में बहन को किया था वीडियो कॉल
नैनीताल। नैनीझील में शुक्रवार सुबह एक युवक का शव तैरता मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मल्लीताल बड़ा बाजार निवासी 45 वर्षीय मनीष के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीडी पांडे जिला चिकित्सालय भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने फांसी गधेरा क्षेत्र में पाषाण देवी मंदिर के समीप झील में शव देखा। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर एएसआई सुनील कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को झील से बाहर निकाला।
तलाशी के दौरान युवक की जेब से आधार कार्ड मिला, जिसके आधार पर उसकी पहचान की गई। पुलिस ने मौके से ई-साक्ष्य जुटाते हुए पंचनामा की कार्रवाई पूरी की।
स्थानीय लोगों के अनुसार, गुरुवार रात कुछ लोगों ने युवक को फोन पर तेज आवाज में बात करते हुए सुना था। बताया जा रहा है कि युवक ने ठंडी सड़क क्षेत्र से अपनी बहन को वीडियो कॉल कर आत्मघाती कदम उठाने की बात कही थी। हालांकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
तल्लीताल थाना पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कॉल डिटेल की जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

