सीआईईटी-एनसीईआरटी के राष्ट्रीय शिक्षक कवि-सम्मेलन में आरती पांडेय ने प्रस्तुत की स्वरचित कविता
भवाली। डी वीटो स्कूल भवाली की शिक्षिका श्रीमती आरती पांडेय ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड और अपने विद्यालय का नाम रोशन किया है। उन्होंने नई दिल्ली स्थित केंद्रीय शैक्षिक प्रौद्योगिकी संस्थान (सीआईईटी)-एनसीईआरटी में आयोजित राष्ट्रीय शिक्षक कवि-सम्मेलन में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी स्वरचित कविता प्रस्तुत की।हिंदी माह-2026 के अंतर्गत “डिजिटल शिक्षा में हिंदी भाषा एवं साहित्य” विषय पर 25 और 26 सितंबर को आयोजित इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से शिक्षक-कवियों ने प्रतिभाग किया। करीब 19 राज्यों से पहुंचे प्रतिभागियों ने अपनी स्वरचित कविताओं के माध्यम से शिक्षा, साहित्य, समाज और मानवीय संवेदनाओं को अभिव्यक्त किया। राष्ट्रीय कवि-सम्मेलन के लिए श्रीमती आरती पांडेय की स्वरचित कविता “शिक्षा की राह” का चयन हुआ था। उन्होंने राष्ट्रीय मंच पर कविता का भावपूर्ण प्रस्तुतिकरण करते हुए डी वीटो स्कूल भवाली के साथ ही उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व किया।
कविता “शिक्षा की राह” में बच्चे के विद्यालय में प्रथम प्रवेश से लेकर शिक्षक और विद्यार्थी के बीच बनने वाले आत्मीय संबंध, शिक्षक द्वारा दिए जाने वाले संस्कार तथा जीवन की आगे की यात्रा में इन संबंधों में आने वाले बदलावों को संवेदनशील एवं भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया गया। उनकी प्रस्तुति को कार्यक्रम में साहित्य और शिक्षा के बीच संबंधों की सुंदर अभिव्यक्ति के रूप में देखा गया।कार्यक्रम के दौरान विभिन्न राज्यों से आए शिक्षक-कवियों के बीच साहित्यिक संवाद और विचारों का आदान-प्रदान भी हुआ। समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

