मुक्तेश्वर में साइबर जागरूकता कार्यक्रम, फर्जी लिंक और डिजिटल अरेस्ट से बचाव की दी जानकारी

ख़बर शेयर करें

मुक्तेश्वर में साइबर जागरूकता कार्यक्रम, फर्जी लिंक और डिजिटल अरेस्ट से बचाव की दी जानकारी
मुक्तेश्वर। साइबर सुरक्षा अभियान-2.0 एवं साइबर जागरूकता माह के तहत मंगलवार को थाना मुक्तेश्वर पुलिस ने थाना दिवस के दौरान साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में पुलिस ने विद्यालयों के शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और आमजन को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी।
थानाध्यक्ष विजय कुमार के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में उप निरीक्षक गुलाब कम्बोज, उप निरीक्षक मंदाकिनी राणा और पुलिस टीम ने ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों के प्रति लोगों को जागरूक किया। पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग में फ्री डायमंड्स और स्किन के नाम पर भेजे जाने वाले फर्जी लिंक, अनजान गेमर्स द्वारा फोटो व निजी जानकारी हासिल करने के प्रयास, जीआरएम/एमआरएम पोर्टल, डिजिटल अरेस्ट और साइबर ठगी से बचने के उपाय बताए।
पुलिस ने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अपनी व्यक्तिगत व बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने तथा cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत करने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा के लिए 1090, 1098 और 112 हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। साथ ही घरेलू हिंसा, महिला संबंधी अपराध, कानूनी सहायता और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस टीम ने नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए लोगों को नशीले पदार्थों से दूर रहने के लिए भी प्रेरित किया। पुलिस ने कहा कि साइबर अपराध के मामले में देरी न करें, तत्काल 1930 पर सूचना दें।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page