एसआईआर कार्यों का आयुक्त दीपक रावत ने किया निरीक्षण, बीएलओ को दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
हल्द्वानी। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत गुरुवार को आयुक्त कुमाऊं दीपक रावत ने खालसा इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका महाविद्यालय और एमबी इंटर कॉलेज स्थित विभिन्न बूथों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एसआईआर कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आयुक्त ने कहा कि एसआईआर अभियान निर्धारित प्रक्रिया के तहत संचालित किया जा रहा है। विभिन्न बूथों पर पूर्व में जारी नोटिसों की सुनवाई की जा रही है। उन्होंने सभी सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) और बीएलओ को अपने-अपने बूथों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मतदाताओं को जारी नोटिसों की तामील और रसीद उपलब्ध कराई जा चुकी है। यदि किसी मतदाता के नाम, पिता के नाम अथवा अन्य विवरण में त्रुटि या विसंगति है तो वह आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित बूथ पर पहुंचकर उसका निराकरण करा सकता है। बीएलओ प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर नियमानुसार समस्याओं का समाधान करेंगे।
आयुक्त ने प्रत्येक नोटिस का नियमानुसार और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एसआईआर अभियान का उद्देश्य निर्वाचक नामावली को अधिक शुद्ध, प्रमाणिक और अद्यतन बनाना है। ऐसे में निर्वाचन कार्मिक पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ कार्य करें तथा मतदाताओं को अनावश्यक परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
उन्होंने नोटिस प्राप्त मतदाताओं से निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ बूथ पर पहुंचकर अपने विवरण का सत्यापन कराने की अपील की। साथ ही बीएलओ और निर्वाचन कार्मिकों को अभियान के दौरान सतर्कता, बेहतर समन्वय और जनसहभागिता पर विशेष ध्यान देने को कहा।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार कुलदीप पांडे सहित विभिन्न क्षेत्रों के सुपरवाइजर और बीएलओ मौजूद रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

