उत्तराखंड में एक दिसंबर से शुरू होगी जनगणना, 15 नवंबर से 30 नवंबर तक चलेगी स्व-गणना की प्रक्रिया
हल्द्वानी। उत्तराखंड में जनगणना की तैयारियां तेज हो गई हैं। जनगणना के द्वितीय चरण के सफल संचालन के लिए जिला उद्योग केंद्र, हल्द्वानी में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया है। कार्यक्रम में 80 फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी एवं प्रधान जनगणना अधिकारी, नैनीताल ने किया। इस दौरान भारत सरकार के सहायक निदेशक (जनगणना) अरविंद कुमार भी मौजूद रहे।
अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल ने बताया कि जनगणना के द्वितीय चरण के तहत नियुक्त प्रगणक घर-घर जाकर लोगों से जनगणना से संबंधित 40 प्रश्न पूछेंगे। इसके लिए प्रगणकों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जानकारी एकत्र करने का प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि जनगणना का कार्य व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से संपन्न हो सके।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में जनगणना का कार्य एक दिसंबर 2026 से शुरू होगा। इससे पहले 15 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की प्रक्रिया संचालित की जाएगी। इस दौरान नागरिकों को स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करने का अवसर मिलेगा। जनगणना कार्य को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम में फील्ड ट्रेनरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर मुकेश नेगी तथा कोऑर्डिनेटर यश और विमलेश फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षण दे रहे हैं। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी गौरव पांडे भी उपस्थित रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



