भीमताल में रेस्टोरेंट संचालक से मारपीट मामले में मुकदमा दर्ज

ख़बर शेयर करें

भीमताल में रेस्टोरेंट संचालक पर हमला, अस्पताल तक पीछा कर मारपीट का आरोप
भीमताल। भीमताल क्षेत्र में रेस्टोरेंट संचालक और उसके परिजनों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर कोतवाली भीमताल में कई नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में मारपीट, वाहन में तोड़फोड़ और अस्पताल तक पीछा कर हमला करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
तहरीर के अनुसार, हल्द्वानी निवासी हिमांशु रैक्वाल, जो ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के पास एक पीजी और रेस्टोरेंट का संचालन करते हैं, ने आरोप लगाया कि 6 जुलाई की रात करीब 11:26 बजे राहुल रावत, गौरांग रौतेला, आयुष बोरा, अजय कुल्याल, गौरव कुल्याल समेत 10-12 लोग उनके रेस्टोरेंट के बाहर पहुंचे। आरोप है कि सभी शराब के नशे में थे और रेस्टोरेंट खोलकर अंदर बैठकर शराब पीने की जिद करने लगे। मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौच करते हुए हिमांशु और उनके छोटे भाई राहुल रैक्वाल के साथ मारपीट की। आरोप है कि राहुल रैक्वाल के सिर पर निकिल (धातु के हथियार) से वार किया गया। साथ ही बाहर खड़ी फॉर्च्यूनर कार में भी तोड़फोड़ की गई।
पीड़ित के अनुसार, डायल 112 पर सूचना देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। बाद में घायल परिजनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, तभी भीमताल तिराहे के पास आरोपियों ने रास्ता रोक लिया और हिमांशु के मामा रमेश किरौला, योगेश किरौला तथा अन्य लोगों के साथ भी मारपीट की। आरोप है कि लोहे की रॉड, निकिल और कड़े से हमला किया गया, जिससे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भीमताल तक पहुंच गए और वहां भी गाली-गलौच व मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। घटना में राहुल रैक्वाल और योगेश किरौला के सिर पर टांके लगे, जबकि योगेश किरौला का कंधा फ्रैक्चर हो गया। गंभीर रूप से घायल रमेश किरौला को पहले एसटीएच हल्द्वानी और बाद में कृष्णा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार आईसीयू में चल रहा है।
पीड़ित ने पुलिस को बताया है कि घटना की सीसीटीवी फुटेज रेस्टोरेंट और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लगे कैमरों में सुरक्षित है। साथ ही कुछ लोगों ने घटना की मोबाइल से वीडियो रिकॉर्डिंग भी की है।
कोतवाली भीमताल पुलिस ने तहरीर के आधार पर राहुल रावत, गौरांग रौतेला, आयुष बोरा, अजय कुल्याल, गौरव कुल्याल सहित अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page