कैंची धाम दर्शन को आए बुजुर्ग के पैर पर चढ़ी कार, पैर टूटा

ख़बर शेयर करें
  • अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार, पुलिसकर्मी ने पहुंचाया अस्पताल

भवाली। कैंची धाम क्षेत्र में लगातार बढ़ते वाहनों के दबाव के बीच हादसों का खतरा बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को कैंची धाम दर्शन के लिए आए एक बुजुर्ग के पैर पर कार चढ़ गई, जिससे उनका पैर टूट गया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार अयोध्या निवासी गल्लन प्रसाद (65) पुत्र राम खिलावा अपने परिवार के साथ कैंची धाम दर्शन के लिए आए थे। उन्होंने सेनिटोरियम के पास वाहन खड़ा कर शटल सेवा से मंदिर के दर्शन किए। वापस लौटते समय एक अज्ञात कार चालक ने उनके पैर को कुचल दिया और मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे हैड कांस्टेबल बंशीलाल कोहली ने घायल बुजुर्ग को अपनी स्कूटी से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। स्थानीय लोगों ने कैंची धाम क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए यातायात व्यवस्था को और बेहतर करने की मांग की है।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page