भवाली। भवाली रामगढ़ मार्ग पर शनिवार देर रात कुलेटी बैंड के पास घने कोहरे के बीच एक पर्यटकों की कार अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर कार सवार दंपति को सुरक्षित बाहर निकाला। दोनों को हल्की चोटें आई हैं। पुलिस के अनुसार रितु दुग्गल पत्नी खरहेश दुग्गल, निवासी सेक्टर-11, नोएडा (उत्तर प्रदेश), अपने पति के साथ कार से भवाली से मुक्तेश्वर की ओर जा रहे थे। रात करीब 9:30 बजे कुलेटी बैंड के पास घने कोहरे के कारण चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार लगभग 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे के बाद वहां से गुजर रहे लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाल प्रकाश मेहरा टीम के साथ और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। कठिन परिस्थितियों और लगातार बारिश के बीच टीम ने देर रात करीब 11 बजे तक रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों घायलों को सुरक्षित खाई से बाहर निकाला। इसके बाद दोनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवाली भेजा गया, जहांडॉक्टर जलिश अंसारी ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को हायर सेंटर रेफर किया। कोतवाल प्रकाश मेहरा ने बताया कि हादसे की सूचना समय पर मिलने से तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। और एक बड़ा हादसा टल गया। घटना की जानकारी उनके परिजनों को भी दे दी गई है। रेस्क्यू अभियान में कोतवाल प्रकाश मेहरा, हरभजन सिंह राणा, तारा सिंह कंबोज, विजय कुमार, आनंद सिंह, हरीश बिष्ट, गोपाल बिष्ट, बहादुर सिंह रावत, जितेंद्र थापा सहित एसडीआरएफ के जवान शामिल रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

