ब्रेकिंग::जिला पंचायत बोर्ड बैठक में 14 करोड़ का बजट पास

ख़बर शेयर करें

14 करोड़ का जिला पंचायत बजट पास, विकास कार्यों पर रहेगा फोकस
कार्यालय काठगोदाम डाक बंगले में बनेगा, दुकानों का किराया 25 फीसदी बढ़ेगा
हल्द्वानी, 3 जुलाई। जिला पंचायत नैनीताल की बोर्ड बैठक शुक्रवार को काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस सभागार में जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरम्वाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए करीब 14 करोड़ रुपये का वार्षिक बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। बजट में लगभग 11 करोड़ रुपये विकास एवं निर्माण कार्यों के लिए तथा 3 करोड़ रुपये अन्य मदों के लिए निर्धारित किए गए।
बैठक में पिछली बोर्ड बैठक की कार्यवाही और अनुपालन आख्या की समीक्षा के बाद कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं विकास संबंधी प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। जिला पंचायत कार्यालय को काठगोदाम डाक बंगले में स्थापित करने, भीमताल डाक बंगले का व्यावसायिक उपयोग करने तथा जिला पंचायत के अधीन संचालित दुकानों के किराए में 25 प्रतिशत वृद्धि करने का निर्णय लिया गया। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में विकसित की जा रही नई चौपाटियों के लिए लाइसेंस शुल्क निर्धारित करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति मिली।
बोर्ड ने जिला पंचायत कर्मचारियों को एसीपी और पदोन्नति का लाभ देने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी। वहीं जिला पंचायत सदस्यों के मानदेय में वृद्धि का प्रस्ताव शासन को भेजने का निर्णय लिया गया। बैठक में जिला पंचायत की परिसंपत्तियों के किराया दरों के पुनरीक्षण पर भी विस्तृत चर्चा हुई।
ग्रामीण क्षेत्रों में वन्यजीवों के बढ़ते खतरे को देखते हुए किसानों और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक स्थानों पर तारबाड़ कराने के प्रस्ताव पर भी सहमति बनी। इसके अलावा विकास कार्यों में तेजी लाने और जनहित की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विस्तार से मंथन किया गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरम्वाल ने ग्रामीण क्षेत्रों में जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आठ वाहनों की व्यवस्था किए जाने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी। उन्होंने स्वच्छता और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों के लिए वैज्ञानिक एवं दीर्घकालिक कूड़ा निस्तारण योजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही रीसाइक्लिंग को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।
बैठक में पार्किंग व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित बनाने और जिला पंचायत की दुकानों व अन्य परिसंपत्तियों के किराया दरों के पुनरीक्षण पर भी चर्चा की गई।
बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवकी बिष्ट, अपर मुख्य अधिकारी अनिल जोशी, सभी जिला पंचायत सदस्य तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page