“पुराने गाने का नया रिमिक्स है बजट” — भुवन तिवारी का तंज
भीमताल।
वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं भीमताल विधानसभा चुनाव प्रभारी भुवन तिवारी ने केंद्र सरकार द्वारा पेश किए गए बजट पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि इस बजट में जनता के लिए कुछ भी नया नहीं है, बल्कि पुराने वादों और घोषणाओं को नया रैपर पहनाकर पेश किया गया है।
भुवन तिवारी ने कहा, “यह बजट बिल्कुल पुराने गाने का नया रिमिक्स है। धुन वही पुरानी है, बोल वही हैं, बस पैकेजिंग बदल दी गई है। महंगाई, बेरोज़गारी और आम आदमी की परेशानी पर सरकार पूरी तरह खामोश है।”
उन्होंने कहा कि किसानों, युवाओं, मध्यम वर्ग और पहाड़ी राज्यों के लिए बजट में कोई ठोस प्रावधान नहीं किए गए हैं। पहाड़ों में पलायन, स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी और सड़कों जैसी बुनियादी समस्याओं को फिर से नजरअंदाज कर दिया गया।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि सरकार सिर्फ आंकड़ों की बाजीगरी कर रही है। “जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल उलट है। रोजगार के अवसर घट रहे हैं और महंगाई लगातार बढ़ रही है, लेकिन बजट में इसका कोई समाधान नहीं दिखता,” उन्होंने कहा।
भुवन तिवारी ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी इस बजट को जनविरोधी और दिशाहीन मानती है और आने वाले समय में इसे लेकर जनता के बीच जाकर सरकार की नाकामियों को उजागर करेगी।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

